कैराना
ओवरलोड गन्ना ट्रकों ने खंद्रावली रोड को बनाया जाम का अड्डा
कचहरी गेट पर बीच सड़क ट्रक खड़े कर भागे चालक, एक घंटे तक ठप रहा यातायात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। प्रशासन की ढिलाई और ट्रक चालकों की मनमानी एक बार फिर सामने आई, जब कचहरी गेट के सामने खंद्रावली रोड पर ओवरलोड गन्ना ट्रकों ने गुरुवार को भीषण जाम लगा दिया। हालत यह रही कि ट्रक चालक अपने वाहन बीच सड़क पर खड़े कर मौके से फरार हो गए और करीब एक घंटे तक पूरा मार्ग जाम रहा।
शनिवार को मुख्य मार्ग पर गन्ने से लदे एक के बाद एक कई ओवरलोड ट्रक सड़क पर खड़े हो गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कचहरी आने-जाने वाले अधिवक्ता, वादकारी, कर्मचारी और आम लोग जाम में फंसकर बिलबिलाते रहे। एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर खड़े ओवरलोड गन्ना ट्रकों के चालान किए, लेकिन चालक नदारद होने के कारण यातायात बहाल कराने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे बाद चालक मौके पर पहुंचे, तब जाकर ट्रकों को हटवाया जा सका और यातायात सुचारु हुआ। जाम से निजात मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि खंद्रावली रोड पर ओवरलोड गन्ना ट्रकों की आवाजाही कोई नई बात नहीं है। गन्ना सीजन में यह समस्या रोजमर्रा की बन चुकी है। भारी और ओवरलोड वाहनों के कारण हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। पूर्व में भी इसी मार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब ओवरलोडिंग खुलेआम हो रही है, तो जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर क्यों बैठे हैं? स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड गन्ना ट्रकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए, ताकि जाम और हादसों से आम जनता को राहत मिल सके।
