शामली

गैस लीक होने से घर में लगी आग, महिला झुलसी, हजारों का नुकसान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर में गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घर में खाना बना रही महिला के सामने ही अचानक आग भड़क उठी, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में महिला मामूली रूप से झुलस गई, जबकि घर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से पीड़ित परिवार को हजारों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी कासिम की पत्नी रुखसार मंगलवार को अपने घर में गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस पाइप से गैस लीक होने लगी। रुखसार कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही चिंगारी लगने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों में घिरने से महिला झुलस गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। आग की लपटें देखकर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पानी और अन्य साधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, अन्यथा आग पास के अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य कीमती घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद गांव में गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button