गाजियाबाद
लोनी तहसील में वकीलों का पांच दिवसीय धरना समाप्त
डीएम से वार्ता के बाद बनी चार सदस्यीय जांच समिति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी तहसील परिसर में चैम्बर हेतु जमीन आवंटन की मांग को लेकर अधिवक्ताओं द्वारा पिछले पांच दिनों से चल रहा धरना-प्रदर्शन मंगलवार को प्रशासनिक आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। जिलाधिकारी गाजियाबाद और उपजिलाधिकारी लोनी से सकारात्मक वार्ता के उपरांत वकीलों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की
गौरतलब है कि लोनी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता तहसील परिसर में चैम्बर के लिए भूमि आवंटन की समस्या व उपजिलाधिकारी के अभद्र व्यवहार की शिकायत को लेकर धरने पर बैठे थे। मामले को सुलझाने के लिए शनिवार को गाजियाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्मदेव त्यागी ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था, जिसमें सुशील डेनियल सहित दो अन्य अधिवक्ताओं को शामिल कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
सोमवार को लोनी बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल गाजियाबाद पहुंचा, जहां उन्होंने जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी गाजियाबाद से मुलाकात की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए चार सदस्यीय प्रशासनिक समिति के गठन की घोषणा की।
इस समिति में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सहायक महानिरीक्षक निबंधक, उपजिलाधिकारी लोनी और सहायक पुलिस आयुक्त को शामिल किया गया है। समिति में शामिल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह पूरे प्रकरण की जांच कर पंद्रह दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही तहसील परिसर में चैम्बर के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
इस तरह पांच दिनों से चल रहा आंदोलन फिलहाल समाप्त हो गया है, हालांकि अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि तय समय सीमा में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।



