हजारीबाग

सांसद सामूहिक विवाह उत्सव- 2026 की तैयारियां पूरे शबाब पर।

सांसद सह गायक मनोज तिवारी बांधेंगे सुरों का समां, राघव पंडित के मंगलाचरण संग 101 जोड़े थामेंगे जीवनभर का दामन।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

हजारीबाग रामगढ़ की पावन धरती, जो कभी रामगढ़ राजघराने का केंद्र रही, जिसने 1857 के विद्रोह से लेकर ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ आंदोलन तक स्वतंत्रता संग्राम को धार दी और जहाँ माँ छिन्नमस्तिका की दिव्य आध्यात्मिक ऊर्जा प्रवाहित होती है, जो देश का ऊर्जा स्रोत का प्रमुख केंद्र है। ऐसी रामगढ़ की धरती आगामी 08 फरवरी 2026 को एक ऐसे सामाजिक कीर्तिमान की साक्षी बनने जा रही है, जो इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित होने वाला ‘सांसद सामूहिक विवाह उत्सव 2026’ 101 जोड़ों के जीवन में नई रोशनी लाएगा साथ ही समाज के सामने सेवा का एक अमिट उदाहरण प्रस्तुत करेगा। सांसद मनीष जायसवाल की यह अनूठी सेवा पहल यात्रा की शुरुआत हजारीबाग सदर विधायक के रूप में 14 दिसंबर 2023 को शुरू हुई थी, जब उन्होंने अपने दो जुड़वा भाइयों के विवाह की रजत जयंती पर 25 बेटियों के हाथ पीले कराए थे। उस आयोजन की सफलता और आत्मिक संतोष ने उन्हें इसे व्यापक रूप देने की प्रेरणा दी। जिसके फलस्वरूप 2025 में हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड में सांसद सामूहिक विवाह उत्सव-2025 के तहत 101 जोड़ों का विराट सामूहिक विवाह संपन्न हुआ, जहाँ विदाई में बेटियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी जैसी के साथ गृहस्थ में उपयोग होने वाली सौगातें दी गईं। वर्तमान वर्ष सांसद मनीष जायसवाल ने इस पुनीत कार्य का विस्तार करते हुए इसे रामगढ़ की ऐतिहासिक भूमि पर आयोजित करने का निर्णय लिया है। सांसद सामूहिक विवाह उत्सव-2026 आयोजन की शुरुआत 08 फरवरी को सुबह 09:00 बजे फुटबॉल ग्राउंड, रामगढ़ छावनी परिषद से होगी। यहाँ से 101 गाड़ियों में सजे दूल्हों की एक विशाल महा-बारात निकलेगी जिसकी अगुवाई स्वयं सांसद मनीष जायसवाल और प्रसिद्ध गायक व सांसद मनोज तिवारी ‘मृदुल’ करेंगे। गाजे-बाजे,ढोल-ताशे और पारंपरिक नृत्य-संगीत के साथ यह बारात सुभाष चौक और झंडा चौक होते हुए सिद्धू-कान्हु मैदान पहुँचेगी। हजारों बारातियों का उत्साह और उत्सव का यह दृश्य रामगढ़ के इतिहास में पहली बार दिखने वाला एक अलौकिक अनुभव होगा। रामगढ़ का सिद्धू कान्हु मैदान नयनाभिराम शादी मंडपों में तब्दील हो रहा है। शहनाइयों की गूंज यहां सदाएं दे रही हैं। चहुंओर उल्लास का वातावरण है। आयोजन समिति से जुड़े लोग शिद्दत से अपने कार्य में जुटे हैं तो वहीं 202 दुल्हा- दुल्हन, उनके परिजन, रिश्तेदार बेहद रोमांचित हैं। ग्रैंड शाही शादी की तर्ज़ पर यह सामूहिक विवाह उत्सव को लेकर पूरा हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र खासा उत्साहित है। सिद्धू-कान्हु मैदान में 101 आकर्षक विवाह मंडप तैयार किए जा रहे हैं। सुबह 10:00 बजे से विवाह की रस्में शुरू होंगी, जहाँ देश-दुनिया में विख्यात राघवेंद्र कुमार गौतम उर्फ़ राघव पंडित एवं उनकी टीम के साथ हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सैकड़ों पंडितों के खास समूह द्वारा ‘म्यूजिकल फेरे’ एवं मंगलाचरण के साथ शादी संपन्न कराया जाएगा। सांसद जायसवाल ने इन जोड़ों की गृहस्थी बसाने के लिए उपहार स्वरूप टोटो (ई-रिक्शा) सहित करीब 37 प्रकार के आवश्यक सामान देने का संकल्प लिया है। चयनित जोड़ों में 4 दिव्यांग और अधिकतर ऐसे अनाथ जोड़े हैं, जिनके पास कोई सहारा नहीं था। सांसद मनीष का यह प्रयास इन जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी दैवीय वरदान से कम नहीं है। इस विवाह उत्सव की तैयारियां पूरे शबाब पर हैं। मंगलवार को रामगढ़ के ब्रह्मर्षि धर्मशाला और बुधवार को हजारीबाग के पैराडाइज रिसॉर्ट में भाजपा महिला मोर्चा की बहनों के नेतृत्व में हल्दी, मेंहदी और संगीत का भव्य अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। पूरे लोकसभा क्षेत्र में निमंत्रण पत्रों का वितरण जारी है और लाखों लोगों के इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने की उम्मीद है। दुल्हा के लिए कोर्ट-पैंट और दुल्हन के लिए आकर्षक लहंगा तैयार करने में स्थानीय कलाकार युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने अत्यंत भावुक होते हुए कहा कि बेटियां समाज पर बोझ नहीं हैं, बल्कि वे हमारा सम्मान हैं। एक सक्षम समाज वही है जो अपनी बेटियों के हाथ पीले करने में जरूरतमंद पिताओं का संबल बने। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस ‘महा-यज्ञ’ में सम्मिलित होकर नव-दंपत्तियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करें और समाज के अन्य सक्षम लोग भी ऐसी सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आगे आएं।
यह आयोजन राजनीति से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाओं का महापर्व है, जो रामगढ़ की गौरवशाली मिट्टी में सेवा और समर्पण की नई सुगंध घोलने को तैयार है। देश-प्रदेश के कई नामचीन हस्तियां यहाँ पहुंचकर लाखों लोगों के साथ जोड़ों को सुखमय दाम्पत्य जीवन का शुभाशीर्वाद देंगे। सांसद मनीष जायसवाल खुद निमंत्रण पत्र वितरण कर रहें हैं तो उनके अनुज निशांत जायसवाल और सुपुत्र करण जायसवाल समारोह स्थल में तैयारी के साथ आयोजन के सफलता के लिए रामगढ़ में कैंप कर रहें हैं। लगातार भोजन व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश व्यवस्था सहित अतिथियों के स्वागत व्यवस्था को लेकर संबंधित प्रभारियों के साथ बैठक कर रहें हैं। सांसद मनीष जायसवाल की धर्मपत्नी निशा जायसवाल दुल्हनों के परिधान सहित उनके सौगात मिलने वाले सामग्री जुटाने में शिद्दत से लगी हैं। सांसद प्रतिनिधि, बीजेपी कार्यकर्ता और उनके शुभचिंतक भी दिन रात आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पसीना बहा रहें हैं। इधर खुशियों की शहनाई और मांगलिक गीतों के गंज के साथ रस्म अदायगी का दौर भी शुरू हो गया है। मंगलवार को रामगढ़ के ब्रह्मर्षि धर्मशाला परिसर में रामगढ़ जिले के चयनित दुल्हनों का और बुधवार को हजारीबाग के प्रावेश रिसॉर्ट सभागार में हजारीबाग जिले के चयनित दुल्हनों का हल्दी और मेहंदी समारोह पारंपरिक तरीके से भाजपा महिला मोर्चा, रामगढ़ और हजारीबाग की बहनों के द्वारा निर्वहन किया गया। इस दौरान कन्याओं के हाथों में शगुन की मेंहदी लगी तो उनके चेहरे खिल उठे ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button