गोड्डा

डीबीएल कंपनी की लापरवाही से सड़क हादसा, अस्पताल कर्मी गंभीर रूप से घायल — सिलीगुड़ी रेफर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : डीबीएल कंपनी द्वारा सड़क निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित लापरवाही के कारण मंगलवार देर संध्या एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें गांधीग्राम निवासी श्याम महतो , पिता शिव नारायण महतो उम्र 55 वर्ष बुरी तरह घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें सिलीगुड़ी रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्याम महतो पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत हैं। मंगलवार की देर शाम ड्यूटी समाप्त कर वे बाइक से अपने घर गांधीग्राम लौट रहे थे। इसी दौरान बारकोप मोड़ आईटीआई कॉलेज के समीप डीबीएल कंपनी द्वारा बीच सड़क  पर गड्ढा खोदकर उसकी मिट्टी सड़क के बीचों-बीच छोड़ दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी का ढेर रात में दूर से दिखाई नहीं देता, जिससे अचानक वाहन असंतुलित हो जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बताया जाता है कि श्याम महतो की बाइक भी इसी मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई, जिससे वे नियंत्रण खो बैठे और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और हिंदुस्तान के पत्रकार शशि कुमार रौनियार की मदद से उन्हें तत्काल पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें पहले भागलपुर रेफर किया गया, लेकिन परिजनों के अनुसार हालत बिगड़ने पर बाद में सिलीगुड़ी ले जाया गया।
घटना को लेकर ग्रामीणों में डीबीएल कंपनी के प्रति कड़ा आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
भाजपा नेता सुशील कुमार भगत ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कंपनी के कार्यों में अक्सर लापरवाही देखी जाती है। समय पर और सुरक्षित तरीके से काम पूरा किया जाता तो इस तरह की दुर्घटना से बचा जा सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button