
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली :- मोरवा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 42 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक महिला एवं एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 05 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी स्कूटी के माध्यम से स्मैक की तस्करी कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर मोरवा पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन स्मैक बरामद की।
पुलिस ने जब्त स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी स्मैक कहां से लाते थे और किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की जा रही थी।
मोरवा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।



