असम

असम के तिनसुकिया ज़िले के डिगबोई में स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने शुरू की ‘स्वस्थ्यवान श्रमिक योजना’, नए स्वास्थ्य केंद्र का भी किया शिलान्यास। 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

असम के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा जल संसाधन मंत्री अशोक सिंघल ने मंगलवार को तिनसुकिया ज़िले के डिगबोई के हलोंगहाबी चाय बागान क्षेत्र में ‘स्वस्थ्यवान श्रमिक योजना’ नामक महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। यह योजना चाय बागान क्षेत्रों में रहने वाले आम लोगों और श्रमिकों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले सोमवार को मंत्री अशोक सिंघल ने तिनसुकिया ज़िले के माकुम, सदिया समेत कई स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की तीन महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे दिन मंगलवार को भी उन्होंने ज़िले में एक नई योजना की शुरुआत के साथ एक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी। हलोंगहाबी चाय बागान में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री सिंघल ने ‘स्वस्थ्यवान श्रमिक योजना’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह योजना चाय बागान के श्रमिक समाज के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाया गया एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि बीमारियों के इलाज से अधिक ज़रूरी है कि लोग निरोग और स्वस्थ रहें। अशोक सिंघल ने अपने संबोधन में कहा, “स्वस्थ व्यक्ति समाज की संपत्ति होता है। इसलिए हमें शारीरिक रूप से सक्रिय रहना होगा। जब असम का हर नागरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और मजबूत होगा, तभी राज्य आर्थिक रूप से भी अधिक सशक्त बन पाएगा।” उन्होंने लोगों से अपील की कि हर नागरिक रोज़ाना कम से कम एक घंटा समय निकालकर योग, पैदल चलना या अन्य शारीरिक व्यायाम की आदत ज़रूर डाले।कार्यक्रम के बाद मंत्री ने डिगबोई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फिलोबाड़ी के चिकराजान लघु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (मिनी पीएचसी) की आधारशिला भी रखी। मंगलवार के इन दोनों कार्यक्रमों में डिगबोई विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेन फुकन, मोरान स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य अरुणज्योति मोरान समेत कई विशिष्ट अतिथि एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button