
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) अंतर्गत जनशिकायतों के उचित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में ललितपुर पुलिस ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। माह जनवरी 2026 की प्रदेश रैंकिंग में मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किए गए मूल्यांकन में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में ललितपुर को लगातार दूसरी बार यह गौरव हासिल हुआ है।
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक के निर्देशन में की जा रही सतत एवं प्रभावी कार्यवाही का यह परिणाम है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ऑनलाइन माध्यम, समाधान दिवस तथा उच्चाधिकारियों के पटलों से प्राप्त शिकायतों का भी ललितपुर पुलिस द्वारा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश की थाना रैंकिंग में भी जनपद ललितपुर के 13 थानों को शत-प्रतिशत कार्यवाही के लिए प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो जिले की पुलिसिंग व्यवस्था की कार्यकुशलता और जनसंवेदनशीलता को दर्शाता है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने आईजीआरएस से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही बेहतर कार्यप्रणाली के लिए 25 हजार रुपये की धनराशि का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा और मेहनत से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। लगातार दूसरी बार प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर ललितपुर पुलिस ने जनविश्वास को और मजबूत किया है तथा जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण में एक मिसाल कायम की है।
इन थानों को मिला प्रथम रैंक
कोतवाली ललितपुर, जखौरा, बानपुर, मदनपुर, नाराहट, पूराकला, बार, पाली, महरौनी, तालबेहट, सौजना, गिरार एवं महिला थाना शामिल रहे।
आईजीआरएस टीम विवरण
प्रभारी आईजीआरएस सेल, ललितपुर सहित पूरी टीम।