गोड्डा
बसंतराय प्रखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
मीडिल स्कूल बसंतराय के शिक्षक मोहम्मद नौशाद आलम कदाचार में लिप्त होने को लेकर किया गया सस्पेंड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
– एम.ए.के. आज़ाद इंटर कॉलेज, बसंतराय में निरीक्षण के क्रम में रेमान अंसारी मोबाइल से नकल करने
– एम.ए.के. आज़ाद डिग्री कॉलेज, बसंतराय में पुतुल कुमार साह को पूर्जा से नकल करने
– उपायुक्त ने दोनों छात्रों को किया निष्कासित, परीक्षा में पहली बार हुई कार्रवाई
– शशि कुमार को मोबाइल से नकल करने के आरोप में किया गया निष्कासित
गोड्डा। झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, 2026 के सुचारु, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव के द्वारा आज बसंतराय प्रखंड अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निम्नलिखित परीक्षा केंद्रों यथा:- एम.एस. बसंतराय, एम.ए.के. आज़ाद इंटर कॉलेज, बसंतराय, एम.ए.के. आज़ाद डिग्री कॉलेज, बसंतराय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के द्वारा परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, परीक्षार्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिका संधारण, सीसीटीवी निगरानी, दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सहित अन्य व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में मीडिल स्कूल बसंतराय के शिक्षक मोहम्मद नौशाद आलम कदाचार में लिप्त होने को लेकर सस्पेंड किया गया साथ ही एम.ए.के आज़ाद इंटर कॉलेज, बसंतराय में मोहम्मद रेमान अंसारी (मोबाइल से नकल करने)एवं एम.ए.के. आज़ाद डिग्री कॉलेज, बसंतराय में श्री पुतुल कुमार साह को पूर्जा से नकल करने के आरोप में परीक्षा से निष्कासित किया गया।उन्होंने केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना मिलने पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों से संवाद कर उन्हें शांतिपूर्वक एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया साथ ही वैसे छात्र जिनपर संकोच किया गया उन्हें अपने सीट से दूसरे जगह स्थानांतरित कर दिया गया ताकि नकल करने की संभावना ना हो। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि कदाचार मुक्त परीक्षा का आयोजन के अलावा परीक्षार्थियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराई जाएं। एम.ए.के. आज़ाद इंटर कॉलेज, बसंतराय में मजिस्ट्रेट संजय कुमार मंडल के द्वारा सीसीटीवी निगरानी में श्री शशि कुमार को मोबाइल से नकल करने के आरोप में निष्कासित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा वार्षिक माध्यमिक परीक्षा, 2026 को सफलतापूर्वक एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा अवधि के दौरान जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी बसंतराय श्रीमान मरांडी, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित थे। उल्लेखनीय है की परीक्षा में पहली बार करवाई किया गया है।




