ललितपुर
ग्राम विनेकामाफी को शराब मुक्त घोषित करने का सर्वसम्मत निर्णय
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। तहसील तालबेहट क्षेत्र के ग्राम विनेकामाफी में बीते दिवस ग्राम पंचायत की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम के समस्त समाजबंधु एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्राम को शराब मुक्त घोषित करना रहा। पंचायत में सर्वसम्मति से शराबबंदी को लेकर कठोर नियम एवं दंड का निर्णय लिया गया। पंचायत में निर्णय के अनुसार, यदि ग्राम विनेकामाफी में कोई भी व्यक्ति शराब का विक्रय करता पाया गया तो उस पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही दोषी व्यक्ति एवं उसके परिवार को छह माह तक सामाजिक कार्यक्रमों से बहिष्कृत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ग्राम में शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट, अशांति फैलाने अथवा विवाह, जन्मदिन जैसे पारिवारिक आयोजनों में शराब पीकर माहौल खराब करने पर 11 हजार रुपये का जुर्माना तथा तीन माह का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। पंचायत ने यह भी निर्णय लिया कि यदि कोई व्यक्ति किसी दोषी को संरक्षण देता है या पंचायत के निर्णयों की अवहेलना करता है, तो उसे भी समान श्रेणी में दोषी मानते हुए दंडित किया जाएगा। ग्राम को शराब मुक्त बनाने के उद्देश्य से 11 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो नियमों के पालन की निगरानी करेगी। समिति द्वारा वसूली गई धनराशि का उपयोग धार्मिक कार्यों, समाज के जरूरतमंदों की सहायता, बीमारी, कन्या विवाह जैसे सामाजिक कार्यों तथा दोषियों के विरुद्ध की जाने वाली कानूनी कार्रवाई में किया जाएगा। पंचायत द्वारा पारित यह प्रस्ताव 11 फरवरी 2026 से प्रभावी होगा। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि शराबबंदी से गांव में शांति, सौहार्द और सामाजिक सुधार को बढ़ावा मिलेगा। इस बैठक में गब्बर सिंह, नरेन्द्र सिंह, प्रधान मुन्नीबाई, ज्योति सिंह लोधी, रेवती, मंजू, सुमन, कल्पना, रामकुमारी, अर्चना, हरकुंवर, प्रीति, सीमा, गुडडी, तारा, पार्वती, सोनकुंवर, सुनीता, लागौन बाई, प्रभादेवी, हल्की बहू, अनुज, शिराबाई, लीलाबाई, पुनिया, सोनावारी, रामस्वरूप, उमेश, अनुज, सौरभ, खिलन, भान सिंह, मंगल, विश्वास, उमादेवी समेत अनेकों लोग मौजूद रहे।