अमरोहा
तिगरी गंगा घाट और मेला स्थल पूरी तरह जलमग्न
अमरोहा में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंची, दो दर्जन गांवों में बाढ़

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बरसात के कारण अमरोहा में गंगा नदी उफान पर आ गई है। तिगरी गंगा घाट और कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल पूरी तरह डूब गया है। पानी सड़क किनारे तक पहुंच गया है।घाट पर रखी अस्थाई दुकानें और पुरोहितों की झोपड़ियां भी पानी में डूब गई हैं। हरिद्वार और बिजनौर बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे अमरोहा में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान की ओर तेजी से बढ़ रहा है।मंडी धनौरा और हसनपुर तहसील के दो दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। सैकड़ों बीघा फसल बाढ़ के पानी की चपेट में आ गई है। खेतों में चार फीट तक पानी भर गया है।शुक्रवार को बिजनौर बैराज से 2 लाख 18 हजार 967 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे शाम तक गंगा का जलस्तर और अधिक बढ़ने की संभावना है। आज गंगा के जलस्तर में 20 सेमी की वृद्धि हुई है। इसके चलते गंगा का गेज 201.10 मीटर दर्ज किया गया है। यहां खतरे का निशान 202.00 मीटर पर है।
पहाड़ों से लेकर निचले इलाकों में लगातार बारिश के कारण गंगा नदी उफान पर है। मंडी धनौरा के खादर क्षेत्र के गांव पपसरी खादर, मुकारमपुर, शाहजहांपुर छात, रानी बस्तौरा, विशावली, रमपुरा खादर, चांदरा फार्म और रसूलपुर भांवर सहित करीब 12 गांवों में बाढ़ का पानी घुस आया है।चकनवाला, अलीनगर, मुरादपुर, पपसरा खादर, तिगरी, मोहरका पट्टी, ओसीता जगदेवपुर और मोहम्मदाबाद के खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं। गंगा नदी लगातार कटान भी कर रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।


