पाकुड़

खरुटोला – तलवा चौक प्रस्तावित सड़क के वास्तविक रैयतों को उचित मुआवजा देने की तैयारी, प्रक्रिया पूरी होते ही संवेदक के माध्यम से शुरू होगा निर्माण कार्य

 नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत रोद्दीपुर–राधानगर मुख्य मार्ग से खरूटोला, करमोनली, सुंदरपहाड़ी, बलियापतरा, बरमसिया एवं सालपानी होते हुए लॉकडाउन मार्ग के रास्ते महेशपुर–पाकुड़िया मुख्य मार्ग के तलवा चौक को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की दिशा में विभागीय कार्रवाई तेज कर दी गई है। प्रस्तावित  उच्च स्तरीय टू-लेन सड़क निर्माण को धरातल पर उतारने के लिए भूमि अधिग्रहण की आवश्यक प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भूमि अधिग्रहण के तहत वास्तविक रैयतों की पहचान कर उन्हें उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सम्बन्धित विभाग द्वारा जमीन का सर्वेक्षण कराये जाने की कवायद तेज कर दी है। विभागीय स्तर पर इस प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि भूमि अधिग्रहण का कार्य नियमानुसार पूरा किया जा सके। उम्मीद जताई जा रही है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संविदा के माध्यम से सड़क निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जायेगा। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को लेकर महेशपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक निर्वाचित हुए प्रोफेसर स्टीफन मरांडी की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वही क्षेत्र में उभरते हुए चेहरा सह- झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी की सक्रियता भी इस दिशा में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस सड़क का निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। सड़क बनने से सुंदरपहाड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित पत्थर उद्योग इकाइयों/ क्रेशरों को विस्तार मिलेगा। साथ ही परिवहन व्यवस्था सुगम होगी और रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे। इसके अलावे विद्यार्थियों, किसानों, छोटे व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों तक पहुंच आसान होने से स्थानीय व्यापार को भी गति मिलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर, प्रस्तावित सड़क निर्माण से महेशपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ औद्योगिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास के नए रास्ते खुलने की संभावना है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button