बरेली
पर्वतीय समाज ने किया आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख को सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। पर्वतीय समाज बरेली ने आकाशवाणी बरेली के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव और कार्यक्रम अधिशासी गौरव सक्सेना को सम्मानित किया। अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह दियोलिया ने कहा कि आकाशवाणी के माध्यम से लोक संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। लोक संस्कृति से जुड़ाव ही एक सभ्य समाज का निर्माण करता है।
उपाध्यक्ष मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव और कार्यक्रम अधिशासी गौरव सक्सेना के कुशल निर्देशन में आकाशवाणी बरेली केंद्र दिन-प्रतिदिन लोकप्रिय हो रहा है। सांस्कृतिक प्रभारी और लोकगायक पूरन दानू ने कहा कि आकाशवाणी के माध्यम से स्वस्थ मनोरंजन के साथ ही ज्ञानवर्धक जानकारियां भी प्राप्त होती हैं। सदस्य दीवानी चंद ने कहा कि फौजियों के कार्यक्रम ‘जय जवान’ में भारतीय सेना के प्रहरियों की भूली-बिसरी यादें ताजा हो जाती हैं। पर्वतीय समाज के पदाधिकारियों ने दोनों महानुभावों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार सम्मानित होने से लोक प्रसारक होने के नाते समाज के प्रति जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं। कार्यक्रम अधिशासी गौरव सक्सेना ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आकाशवाणी बरेली और भी बेहतरीन कार्यक्रमों का निर्माण कर अपनी प्रतिबद्धता निभाएगा।



