गाजियाबाद
गाजियाबाद में भारतीय किसान यूनियन अंबावता का प्रदर्शन
डीएम को सौंपा ज्ञापन; मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाजियाबाद : भारतीय किसान यूनियन अंबावता के नेतृत्व में सोमवार को किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला अधिकारी गाजियाबाद को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी नरेंद्र सिंह नेताजी के आदेशानुसार एडीएम संतोष उपाध्याय के माध्यम से स्वीकार किया गया।
ज्ञापन में किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार से कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें अमेरिका से भारत की प्रस्तावित या की गई ट्रेड डील को रद्द करने, संपूर्ण भारत में किसानों को कर्जमुक्त करने, उत्तर प्रदेश में बुढ़ापा पेंशन ₹5000 प्रतिमाह करने, शिक्षा एवं चिकित्सा को पूर्णतः निःशुल्क करने तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानून का दर्जा देने की मांग शामिल है। भाकियू अम्बावत के
जिला अध्यक्ष गाजियाबाद अमित कसाना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेशानुसार जिला मुख्यालय गाजियाबाद पर विशाल आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक किसानों की सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र नेताजी ने मीरपुर हिन्दू में पुलिस द्वारा महिलाओं और किसानों पर किए गए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि किसानों पर किसी भी प्रकार का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
युवा प्रदेश प्रभारी विकास बसोया और युवा प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि किसान अपने अधिकार लेकर रहेंगे, चाहे इसके लिए लाठियां खानी पड़ें या जेल जाना पड़े।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज यादव, प्रदेश सचिव सुरेंद्र यादव, प्रदेश सचिव धनपत सिंह, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गौतम, जिला सचिव प्रवीण कुमार, रोहित बंसल, हिमांशु गुर्जर, ग्राम अध्यक्ष रविंद्र तोमर, मीडिया प्रभारी ओंकार सहित अनेक पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।



