उपासना मरांडी और प्रशासन के प्रयास से धनजोड़ी के लक्ष्मण की हुई घर वापसी
With the efforts of Upasana Marandi and the administration, Laxman of Dhanjodi returned home.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ । जिले के महेशपुर प्रखण्ड अन्तर्गत ग्राम धनजोड़ी में पिछले एक वर्ष से लापता चल रहे लक्ष्मण को सकुशल उनके घर वापस लाया गया। घर लौटने की खबर मिलते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और परिजन भावुक हो उठे। परिवार के सदस्यों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण पिछले एक साल से राजस्थान के राजगढ़ (चूरू) सादुलपुर क्षेत्र में भटक रहे थे। लगातार प्रयासों के बाद उन्हें सकुशल धनजोड़ी पहुंचाया गया, जिससे परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लक्ष्मण की सुरक्षित वापसी झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई। उपासना मरांडी ने इस मामले में विशेष रुचि लेते हुए लगातार प्रशासन के संपर्क में रहकर लक्ष्मण की खोजबीन में अहम योगदान दिया। घर लौटने पर उनके माता-पिता एवं अन्य परिजनों ने उपासना मरांडी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। परिवार ने बताया कि वे एक वर्ष से अपने बेटे की राह देख रहे थे और हर दिन उसके लौटने की प्रार्थना करते थे, जो आज पूरी हुई। इस अवसर पर उपासना मरांडी ने कहा कि क्षेत्र की जनता का सुख-दुख उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को अपनी समस्या मानकर उसके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करती रहेंगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन का भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन के समन्वित प्रयास से ही लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। लक्ष्मण की सुरक्षित वापसी से पूरे गांव में खुशी का माहौल है और ग्रामीण इसे एक सुखद एवं प्रेरणादायक घटना के रूप में देख रहे हैं।



