
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महगामा। महगामा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रत्याशी सागर सोरेन के पक्ष में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष याहया सिद्दकी कर रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता महगामा नगर पंचायत क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं से सागर सोरेन के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान जिला अध्यक्ष याहया सिद्दकी सहित मुन्ना राजा, मिनहाज आलम, मिन्हाजुलहक, शोएब अहमद, नगमा आरा सहित कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने का अनुरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सागर सोरेन जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे और नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। प्रचार के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का भरोसा भी दिया गया।कांग्रेस जिला अध्यक्ष याहया सिद्दकी ने कहा कि महगामा नगर पंचायत का चुनाव इस बार बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे चुनावी आचार संहिता का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सकारात्मक तरीके से प्रचार करें।वहीं, नगर पंचायत क्षेत्र में चुनाव को लेकर लोगों के बीच उत्साह देखा जा रहा है। गलियों और चौक-चौराहों पर प्रत्याशियों को लेकर चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि इस बार महगामा नगर पंचायत अध्यक्ष पद का मुकाबला काफी रोचक और कांटे का होगा।



