गाजियाबाद
लोनी में होली मिलन समारोह
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने उड़ाया गुलाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी के नाईपुरा स्थित डिग्री कॉलेज में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंग, गुलाल और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर इस कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हालांकि सभासदों और मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के बावजूद कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर जल वाले गुरुजी योगेश शर्मा ने की। समारोह में राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासंघ, राजपूत महासभा, जाट महासभा, जाटव महासभा, वैश्य सभा, आरडब्ल्यूए, नगरपालिका के भाजपा सभासद, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य एवं भाजपा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश के तीव्र विकास, सुशासन और विश्व पटल पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने उपमुख्यमंत्री को शाल ओढ़ाकर एवं रामदरबार भेंट कर सम्मानित किया।इस दौरान जे सी बी के माध्यम से पुष्पवर्षा कर उपमुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया, जिससे वातावरण उत्साह से भर उठा। विधायक एवं उपमुख्यमंत्री ने गुलाल उड़ाकर क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
इससे पूर्व लोनी–सहारनपुर पेरिफेरल मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान मंच पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, सभासद और मंडल अध्यक्ष एक साथ मौजूद रहने के कारण कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति भी बनी रही। वहीं दूरदराज से आए कुछ कार्यकर्ताओं को भोजन व्यवस्था को लेकर असुविधा का सामना करना पड़ा।
समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे




