नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ग्राम छिपाई और बांसी की वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। लोकसभा 2024 के दौरान किए गए संकल्प, विधानसभा में उठाए गए मुद्दे और मुख्यमंत्री स्तर पर हुई पैरवी के बाद दोनों संपर्क मार्गों के पक्कीकरण को शासन की औपचारिक मंजूरी मिल गई है। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने पहले मनरेगा के माध्यम से छिपाई के मजरा पठला संपर्क मार्ग पर डब्ल्यूबीएम कार्य कराकर ग्रामीणों को तत्काल राहत दिलाई थी। अब उसी मार्ग के पूर्ण पक्कीकरण के साथ-साथ बांसी के मजरा टोरिया संपर्क मार्ग के निर्माण की स्वीकृति सुनिश्चित होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। बताया जा रहा है कि हालिया विधानसभा सत्र में क्षेत्रीय संपर्क मार्गों की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात में इन सड़कों को प्राथमिकता सूची में शामिल करने का अनुरोध किया गया, जिस पर त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पहले मनरेगा से अस्थायी राहत मिली थी, लेकिन अब पक्की सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी, विद्यार्थियों का आवागमन आसान होगा और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता भी बेहतर होगी। समर्थकों का कहना है कि यह निर्णय स्थानीय मांग से राष्ट्रीय विजन तक के प्रभावी समन्वय का उदाहरण है, जबकि विपक्ष इस पर अपनी अलग प्रतिक्रिया दे रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार लोकसभा 2024 के बाद इतनी शीघ्र स्वीकृति मिलना क्षेत्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।