भरत पुर
थाना डांग में डंपिंग यार्ड के प्रस्ताव पर ग्रामीणों का उबाल
एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। उपखंड क्षेत्र के गांव थाना डांग में घूघस वाली चामुंडा माता मंदिर के समीप नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित कचरा डंपिंग यार्ड को लेकर ग्रामीणों में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी की और प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि प्रस्तावित स्थल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि विशेष अवसरों पर यह संख्या हजारों में होती है। ऐसे पवित्र स्थल के समीप कचरा डंपिंग यार्ड स्थापित किया जाना न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करेगा, बल्कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करेगा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि डंपिंग यार्ड बनने से क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी फैलेगी, जिससे आमजन के साथ-साथ पशु-पक्षियों और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कचरे के ढेर से निकलने वाली बदबू और प्रदूषण से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान “डंपिंग यार्ड का प्रस्ताव वापस लो” जैसे नारे लगाए गए। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि प्रस्ताव को शीघ्र निरस्त नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान भगवान दास कांवर, धूपसिंह, रामरूप, भूरा, लोकेंद्र, पुष्पेंद्र, जगदीश, सत्यवीर, माधव, सुरजीत, कल्ला कांवर, गंभीर सिंह, गोपीराम, भाग सिंह, रणवीर, रंजीत, रवि, जितेंद्र, जगराम, लवकुश और राम अवतार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


