ललितपुर
जरूरतमंद महिलाओं की मदद को आगे आए रक्तदाता
शक्ति सिंह ने 18वीं और रिक्की चौरसिया ने छठवीं बार किया रक्तदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जय अम्बे रक्तदान समिति द्वारा एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की गई। समिति को सूचना मिली कि दो जरूरतमंद महिला मरीजों के परिजन रक्त के लिए परेशान हैं, क्योंकि उनका ब्लड ग्रुप मरीजों से मैच नहीं हो रहा था और ब्लड बैंक में भी रक्त उपलब्ध नहीं था। सूचना मिलते ही समिति अध्यक्ष दीपक राठौर और सदस्यों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए रक्तदाताओं से संपर्क किया। समिति के आह्वान पर रिक्की चौरसिया मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक पहुंचे और उन्होंने मंजू कुशवाहा पत्नी हरिकिशन तालाबपुरा के लिए छठवीं बार रक्तदान किया। वहीं शक्ति सिंह ने शशि पत्नी राजपाल, ग्राम मैखुवा जाखलौन के लिए 18वीं बार अपना बहुमूल्य रक्तदान कर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। समय पर रक्त उपलब्ध होने से दोनों महिलाओं के परिजनों ने राहत की सांस ली और जय अंबे रक्तदान समिति के अध्यक्ष दीपक राठौर सहित समिति सदस्य कन्हैयालाल रजक का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अध्यक्ष दीपक राठौर, समाजसेवी कन्हैयालाल रजक, सुजल चौरसिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति पिछले 17 वर्षों से जरूरतमंद मरीजों की लगातार सहायता कर रही है और क्षेत्र में सेवा कार्यों के लिए जानी जाती है।