
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोविंद नगर कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और मासूम बेटे के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़ता ने कोतवाली प्रभारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। गोविंद नगर निवासी सायरा पत्नी सलीम अली ने पुलिस को बताया कि शनिवार (28 फरवरी 2026) की रात करीब 10 बजे जब वह घर में खाना बना रही थी, तभी उसका पति सलीम अली पुत्र मुबारक अली वहां आया और अकारण गाली-गलौज करने लगा। जब सायरा ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। इस हमले में महिला को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसका पुत्र फरीद अली अपनी माँ को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आया, तो आरोपी पिता ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि उसका पति आए दिन इसी तरह प्रताडि़त करता है और जान से मारने की धमकी देता है। सायरा ने पुलिस को दिए पत्र में स्पष्ट किया है कि उसे और उसके बच्चों को अपने पति से जानमाल का खतरा है। पीड़िता ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग उठायी है।