जिलाधिकारी के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में छात्राओं को खेल सामग्री का वितरण कार्यक्रम सम्पन्न।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
सम्भल(बहजोई) कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में भारतीय रेल वित्त निगम (Indian Railway Finance Corporation-IRFC की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR)योजना के अंतर्गत छात्राओं को ट्रैक सूट, टी-शर्ट, जूते एवं विभिन्न खेल सामग्रियों के वितरण हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में खेलों के प्रति रुचि एवं सहभागिता को बढ़ावा देना तथा उन्हें आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराकर “Fit Girls,Fit India” अभियान को सशक्त बनाना रहा। मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का आधार हैं,बल्कि अनुशासन आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने छात्राओं से उपलब्ध कराई गई खेल सामग्री का नियमित उपयोग कर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वीर इन्द्रा सोशल ग्रुप सोसायटी से वंदना राय ने छात्राओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत शिक्षा एवं खेलों को प्रोत्साहित करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा,जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।




