अंकित बालियान हत्याकांड की फर्जी जिम्मेदारी लेने वाला आरोपी गिरफ्तार
फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लिए इंस्टाग्राम पर डाला था भ्रामक वीडियो, भरतपुर से पकड़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की सोशल मीडिया पर फर्जी जिम्मेदारी लेकर पुलिस और जनता को भ्रमित करने के आरोप में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लालच में हत्या की जिम्मेदारी लेने संबंधी भ्रामक वीडियो प्रसारित किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से वीडियो प्रसारित करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
बुधवार को पुलिस लाईन में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी एनपी सिंह ने बताया कि 26 अगस्त को अंकित बालियान की हत्या के बाद 27 अगस्त को इंस्टाग्राम पर भूपेंद्र ढींगरा नामक व्यक्ति ने एक वीडियो प्रसारित कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का फर्जी दावा किया था। जांच में पुलिस ने इस दावे को असत्य पाया। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वाले आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि मूल रूप से गुरुग्राम, हरियाणा निवासी भूपेंद्र ढींगरा वर्तमान में बेंगलुरु और मैसूर क्षेत्र में रहकर हरियाणवी वीडियो गानों में गायकी एवं अभिनय करता था। पुलिस टीम ने उसकी गतिविधियों और आवागमन की जानकारी जुटाने के बाद 15 सितंबर को उसे राजस्थान के भरतपुर से हिरासत में लिया और शामली लेकर आई।
फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किया फर्जी दावा
शामली। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पुरानी सोशल मीडिया आईडी ब्लॉक हो गई थी, जिससे उसके फॉलोअर्स और व्यूज कम हो गए थे। इसके बाद उसने नई इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अधिक लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स हासिल करने के उद्देश्य से अंकित बालियान की हत्या की फर्जी जिम्मेदारी लेने वाला वीडियो प्रसारित किया। पुलिस के मुताबिक, वीडियो प्रसारित होने के बाद आईडी के फॉलोअर्स 28 से बढ़कर करीब 7,500 हो गए। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर फर्जी एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले में पूर्व में भी दो मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की जा चुकी है तथा आपत्तिजनक पोस्ट हटवाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
