गाजियाबाद
महिला दिवस पर अंशु सूरज मावी ने सड़क-नाली निर्माण का किया भूमिपूजन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम शकलपुरा में जिला पंचायत सदस्य अंशु सूरज मावी ने सड़क और नाली निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर भूमिपूजन किया। यह सड़क जिला पंचायत की ओर से बनवाई जाएगी।
कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने भाजपा नेता ईश्वर मावी और जिला पंचायत सदस्य अंशु सूरज मावी का आतिशबाजी और पुष्प वर्षा करते हुए जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अंशु सूरज मावी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी और अधिकार मिले हैं, वह क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि सीमित बजट के बावजूद क्षेत्र में अधिक से अधिक विकास कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सभी वर्गों को समान अवसर मिल रहे हैं और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर विकास कार्यों की शुरुआत करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शकलपुरा गांव में पहले भी सड़कों और नालियों का निर्माण कराया गया है और आगे भी विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि स्वर्गीय किसान नेता राजेश पायलट के नाम पर बने महाविद्यालय तक जाने वाली सड़क को मुख्य गेट तक आरसीसी से बनवाया जाएगा।
इस दौरान राजकुमार कसाना ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने भाजपा नेता ईश्वर मावी और जिला पंचायत सदस्य अंशु सूरज मावी पर जो भरोसा जताया था, वह उस पर पूरी तरह खरे उतरे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेता विकास कार्यों के साथ-साथ लोगों के सुख-दुख में भी हमेशा साथ खड़े रहते हैं।
कार्यक्रम में प्रधान सुखवीर कसाना, भूले प्रधान, मनोज प्रधान, प्रताप प्रधान, शिवानंद प्रधान, हरेंद्र प्रधान, मास्टर लच्छू सिंह, पंकज प्रधान, मास्टर विपिन, मुकेश कुमार, मास्टर बदन सिंह, दीपक, जगदीश, जित्ते कसाना, संजय मास्टरजी, मास्टर अजब सिंह, विनेश सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।



