ललितपुर
श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है राखपंचमपुर मेला : जिलाधिकारी
07 से 11 मार्च तक चलने वाले 5 दिवसीय राखपंचमपुर मेले का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

सिद्धक्षेत्र रामखपंचमपुर मेले में माथा टेकने आते हैं हजारों श्रद्धालू, जिला प्रशासन ने व्यवस्थाएं की पूर्ण
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। विकास खण्ड जखौरा अंतर्गत ग्राम राखपंचमपुर में स्थित सिद्धक्षेत्र राखपंचमपुर में श्री श्री 1008 सिद्धबाबा मंदिर पर 07 से 11 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले 05 दिवसीय वार्षिक मेले के का शनिवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने विधिविधानपूर्वक पूजाअर्चन कर शुभारंभ किया। इस मेले में हजारों की संख्या में स्थानीय व मध्य प्रदेश के श्रद्धालू दर्शन करने आते हैं, ऐसी मान्यता है कि यहां पर सिद्ध बाबा के दर्शन और उनकी पवित्र भभूति लगाने से चमत्कारिक रुप से चर्मरोग ठीक हो जाते हैं। यहां श्रद्धालू मंदिर पर सीधे में आटा, दाल, चावल आदि अनाज चढ़ाते हैं और मन्नत मानते हैं। जिलाधिकारी ने मेला परिसर में व्यवस्थाओं को देखकर कहा कि यह मेला न सिर्फ श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि आसपास के ग्रामीणों को रोजगार भी उपलब्ध कराता है, मेले में स्थानीय लोगों के द्वारा निर्मित मिट्टी के बर्तनों की बड़े पैमाने पर बिक्री होती है, जिससे उन्हें रोजगार के साथ-साथ उनके उत्पादों को दूर-दूर तक ख्याति भी मिलती है। मेले की भव्यता के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने पूर्व में ही सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए सडक, बिजली, पानी, सफाई, शौचालाय से लेकर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करा ली हैं। इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों का भी ध्यान रखा गया है, उनके लिए मेला समिति द्वारा अपने उत्पादों की बिक्री के लिए उचित स्थान दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेला जनपद का ऐतिहासिक मेला है, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पारम्परिक रुप से मेले का आयोजन होगा, इसके लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण हैं, सभी अधिकारी उनको सौंपे गए दायित्वों को गंभीरता के साथ पूर्ण करें और मेले की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें, जिससे मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। मेले में विभिन्न दुकानदारों के द्वारा स्थानीय उत्पादों, मिट्टी के बर्तनों, खिलौनों सहित खाद्य पदार्थों की दुकानें एवं स्टॉल लगाए गए हैं, साथ ही विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं का आवागमन भी प्रारम्भ हो गया है। मेला परिसर में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है, साथ ही बड़े झूलों को भी अलग मैदान में लगाया गया है, जिससे भीड़ को आसानी से नियंत्रित किया जा सकेगा। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी भी बनायी गई है, जहां से 24 घण्टे पब्लिक एड्रेस सिस्टम से अनांउसमेंट होती रहेगी। मेला परिसर में रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था हेतु स्ट्रीट लाइटें लगायी गई हैं तथा अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। इस दौरान एडीएम अंकुर श्रीवास्तव, एसडीएम सदर मनीष कुमार, तहसील सदर घनेंद्र तिवारी, ग्राम प्रधान व श्रद्धालु.उपस्थित रहे।