खुले नाले में गिरने से मासूम की मौत….

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
हापुड – हापुड़ की धौलाना तहसील के गांव सपनावत में खुले नाले ने एक ढाई साल की मासूम बच्ची की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक गांव निवासी गौरव कुमार की ढाई वर्षीय बेटी सिद्धि घर के पास बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते वह पास के खुले नाले में गिर गई, लेकिन किसी को इसका पता नहीं चला।काफी देर तक तलाश करने के बाद जब परिजन नाले के पास पहुंचे तो बच्ची नाले के पानी में दिखाई दी। लोगों ने नाले में उतरकर बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि यह नाला लंबे समय से खुला पड़ा है और इसकी शिकायत पहले भी ग्राम प्रधान से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले इसी नाले में गिरने से 5 वर्षीय बच्चे विराज की भी मौत हो चुकी है।
मृतक बच्ची के पिता गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई और नाले को जल्द ढकवाने की मांग की है।गौरतलब है कि हर साल खुले नालों में गिरकर कई लोगों की जान जा रही है। इसके बावजूद जिम्मेदारों के दावे और आश्वासन ही नजर आते हैं। सवाल यह है कि आखिर कब तक खुले नाले लोगों की जान लेते रहेंगे और जिम्मेदारों की नींद कब टूटेगी।



