शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर “शिक्षक गौरव सम्मान समारोह” सम्पन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत। भारतीय वैश्य परिवार महासंघ द्वारा शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य “शिक्षक गौरव सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन का कार्य मुख्य अतिथि एडवोकेट रणवीर चौधरी खट्टा, विशिष्ट अतिथि डॉ. गीता तालियान एवं डॉ. नीरू जैन ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनेक शिक्षकों को “शिक्षक गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षिका चारू जैन, डॉ. रूचिका जैन, कविता रानी, सपना जैन, सचिव गुप्ता, स्वाति, प्रेरणा, नीरज गर्ग आदि को पटका पहनाकर, पुष्पमाला अर्पित कर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि एडवोकेट रणवीर चौधरी खट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षक समाज का वास्तविक मार्गदर्शक होता है, जो केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि चरित्र और संस्कार भी देता है। शिक्षक ही आने वाली पीढ़ी को नई दिशा प्रदान करता है।”
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता पुट्ठी ने कहा कि “एक सच्चा शिक्षक हमेशा यही चाहता है कि उसका विद्यार्थी उससे भी अधिक तरक्की करे और जीवन के हर क्षेत्र में उससे आगे बढ़े। यही शिक्षक का सबसे बड़ा गौरव होता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. योगेश जिंदल ने की, जबकि संचालन का दायित्व एडवोकेट रामकुमार अग्रवाल ने संभाला।
समारोह में विशिष्ट रूप से उपस्थित योगाचार्य डॉ. राजीव जैन, विवेक गुप्ता, सचिन गुप्ता, नितिन गुप्ता, शालू गुप्ता, निधि गुप्ता, करूणा गुप्ता आदि ने भी शिक्षकों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया गया तथा समाज में शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षकों को प्रेरणा स्रोत बताया गया।



