बेतुल
जेएच कॉलेज में साइबर सुरक्षा पर हुआ व्याख्यान
बैतूल साइबर ब्रांच के उपनिरीक्षक ने विद्यार्थियों को बताए साइबर अपराध से बचाव के उपाय

पोस्टर प्रतियोगिता भी हुई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर जेएच कॉलेज में स्थापित भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ मीनाक्षी चौबे के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की अर्चना से हुई।
स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रकोष्ठ के संयोजक प्रो राकेश कुमार पवार ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क और सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न पहलुओं और उनसे बचाव के वैधानिक उपायों की जानकारी देना है, ताकि वे इस क्षेत्र में जागरूक बन सकें।
विशेष अतिथि शासकीय विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ हर्षवर्धन यादव ने कहा कि साइबर की दुनिया में समय और स्थान की सीमाएं समाप्त हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सही जानकारी के अभाव में शिक्षित और बुद्धिजीवी वर्ग भी साइबर अपराधों का शिकार हो रहा है। विद्यार्थियों से उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
मुख्य वक्ता के रूप में साइबर ब्रांच बैतूल के उपनिरीक्षक नवीन सोनकर ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए और किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें या [www.cybercrime.gov.in](http:/ /www.cybercrime.gov.in) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
– पोस्टर प्रतियोगिता में 32 विद्यार्थियों ने लिया भाग
कार्यक्रम के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें लगभग 32 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा वैष्णवी जैन ने प्रथम, एमएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा शिल्पा बोस ने द्वितीय तथा बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा अलका काजले ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ बीडी नागले ने की। संचालन प्रो संतोष पवार ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो योगेश्वरी पवार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ लोकेश नरवरे, डॉ राहुल सिंह ठाकुर, प्रो हितेश जैन और सचिन यादव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में लगभग 150 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।



