
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा के थाना राया के गांव भंकरपुर बसैला में छह दिन पूर्व हुई वृद्धा की मौत के मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब उसके पति ने बेटे की पत्नी और प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने डीएम के आदेश पर छह दिन बाद वृद्धा के शव को कब्र से बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हकीकत का पता चलेगा कि उसकी मौत आखिर कैसे हुई। गांव भंकरपुर बसैला में तीन मार्च को 55 वर्षीय अनवरी बेगम की मौत हो गई थी। बताया गया है कि अनवरी बेगम के शव को तत्काल दफना दिया गया। जब इसकी जानकारी अनवरी के पति अनवार खान को हुई, तो उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत की। पति ने जिलाधिकारी से कहा कि बेटे की पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर अनवरी की हत्या कर दी है। आरोप लगाया कि अनवरी का तकिए से मुंह दबाकर मौत के घाट उतारा और फिर किसी को शक न हो सके, इस वजह से तत्काल ही शव को दफना दिया गया। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी हुई है। मृतका के पति ने शव के पोस्टमार्टम के लिए डीएम से गुहार लगाई। डीएम ने आदेश दिए, जिसके बाद मंगलवार के दिन पुलिस ने शव को कब्र से बहार निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं कब्र की खुदाई से और शव को ले जाने तक की वीडियोग्राफी कराई गई है।



