कैराना
भास्कर इंटरनेशनल स्कूल में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण
छात्रों को सिखाए आग से बचाव और बचाव के उपाय

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। भास्कर इंटरनेशनल स्कूल में उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा विभाग द्वारा अग्निसचेतक योजना के अंतर्गत छात्रों को अग्नि सुरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्रों और समाज में आग से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के लिए तैयार करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रतिवर्ष लगभग 33 हजार अग्निकांड होते हैं, जिनमें करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो जाती है और कई लोगों व पशुओं की जान चली जाती है। ऐसे में अग्नि सुरक्षा के उपायों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। छात्रों को आग लगने के कारण, उसकी रोकथाम के उपाय, आग लगने पर क्या करें और कैसे करें, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आग बुझाने की विभिन्न विधियों, स्थानीय संसाधनों के उपयोग, जीव रक्षा के उपाय और प्राथमिक उपचार के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, विभाग के संसाधनों, पानी के स्रोतों, नलकूपों तथा बहुमंजिला भवनों, पेट्रोल पंप, पंडाल, गोदाम, कार्यालय, सिनेमा हॉल और उद्योगों में अग्नि सुरक्षा के उपायों से भी छात्रों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने छात्रों को फायर कंट्रोल रूम (101) और पुलिस कंट्रोल रूम (112) के नंबर याद रखने की भी हिदायत दी, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता ली जा सके।कार्यक्रम के दौरान स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा और सभी ने इस प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।



