बाराबंकी
घर पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का गिरा गेट महिला की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चक मजरे रहरामऊ मे बुधवार की सुबह उस समय एक दर्दनाक हादसा हो गया जहां आंगनवाड़ी केंद्र पर पोती को भेजनें आयी एक 70 वर्षीय महिला पर लोहे का गेट गिर गया जिसके नीचे दबकर महिला की मौक़े पर ही मौत हो गयी परिजनों ने ग्राम प्रधान एव पुलिस के समक्ष पंचायतनामा कर दाह संस्कार कर दिया है।
ग्राम पंचायत रहरामऊ के मजरे चक में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला शबाना पत्नी अकबर अली अपनी 6 वर्षीय पोती जुबिया नाज पुत्री दिलदार को घर पर संचालित कर रही कार्यकत्री रेखा वर्मा के आंगनबाड़ी केंद्र छोड़ने गई थीं, तभी केंद्र के लोहे का गेट अचानक गिर गया जिससे शबाना गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
( भवन के आभाव मे घर मे संचालित हो रहा है आंगनवाड़ी केंद्र)
ग्राम चक मे करीब दो दशक पूर्व आंगनवाडी केंद्र भवन का निर्माण कराया गया था लेकिन आंगनवाड़ी केंद्र मे बरती गयी अनियमितता के चलते बनने के साथ ही भवन जर्जर हो गया और एक भी दिन केंद्र का संचालन नहीं हुआ गांव मे प्राथमिक विद्यालय तो है लेकिन पर्याप्त कमरा न होने के कारण आगनवाड़ी कार्यकत्री रेखा वर्मा अपने ही घर पर केंद्र का संचालन कर रही थी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत मे 5 आंगनवाड़ी केंद्र है लेकिन भवन मात्र एक है भवन निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है लेकिन अभी तक कोई भी केंद्र का निर्माण नहीं हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षित आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। घटना ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और गांव में सुरक्षित आंगनबाड़ी भवन के निर्माण की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस व्यवस्था करता है।



