बरेली
कांग्रेस बैठक में सरकार पर तीखे हमले और चुनावी रणनीति पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। चुनावी माहौल की आहट के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और बैठकों में अब मुद्दों के साथ रणनीतियों की धार भी साफ नजर आने लगी है।जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने की, जबकि संचालन प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता को सरकार की नीतियों और वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार मूल मुद्दों से ध्यान हटाकर जनता को अन्य विषयों में उलझाए रखने का प्रयास कर रही है।
महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान न देने का आरोप लगाया ! प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने भी सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। बैठक के अंत में पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसीन किदवई, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह और सह प्रभारी तौकीर आलम के पिता मंजूर अली के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।




