बरेली
देशभर में पिछले दो वर्षों से लंबित पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर बैठक का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : केनरा बैंक सिविल लाइंस शाखा में United Forum of Bank Unions (यूएफबीयू) की एक महत्वपूर्ण बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक का संचालन यूएफबीयू के जिला संयोजक नवीन्द्र कुमार द्वारा किया गया।
बैठक के प्रारंभ में केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के महिला प्रकोष्ठ की उप महामंत्री रश्मि शर्मा को यूएफबीयू बरेली के महिला प्रकोष्ठ का संयोजक मनोनीत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी साथियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। तत्पश्चात बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई, जिसमें देशभर में पिछले दो वर्षों से लंबित 5 दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा की गई। साथ ही सरकार के प्रति प्रस्तावित आंदोलन एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विभिन्न सरकारी बैंकों के पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए एकजुटता का परिचय दिया तथा यूएफबीयू की रणनीति पर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
रश्मि शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बैंकिंग क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी काफी बढ़ चुकी है, अतः महिलाओं को भी अपनी जायज़ मांगों के समर्थन में अधिक सक्रिय होकर संगठन को सशक्त बनाना चाहिए।
यूएफबीयू संयोजक नवीन्द्र कुमार ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपनी मांगों के लिए निर्णायक संघर्ष करें। उन्होंने सभी साथियों से आह्वान किया कि वे संगठित होकर यूएफबीयू के कार्यक्रमों को अपने-अपने बैंकों में समयबद्ध तरीके से लागू करें और अपने अधिकारों की लड़ाई में संगठन का पूर्ण समर्थन करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संतोष तिवारी ने बैंकों में पीएलआई (PLI) के असंतुलित वितरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह न्यायोचित नहीं है कि एक कर्मचारी को अत्यधिक लाभ मिले जबकि दूसरे को अत्यंत कम। उन्होंने इस व्यवस्था को संतुलित एवं न्यायसंगत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में यूएफबीयू के पूर्व पदाधिकारी एवं बी टी यू एफ के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने आंदोलन को गति देने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए और इंटरनेशनल वर्कर डे का पर्चा वितरित कर सभा में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसका सभी ने समर्थन किया।




