धनबाद पहुंचे आईजी, एसएसपी ने किया स्वागत; अधिकारियों संग बैठक कर दिए अहम निर्देश
IG arrived in Dhanbad, SSP welcomed him; held a meeting with officials and gave important instructions

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। उनके आगमन पर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पुलिस बल द्वारा आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। धनबाद पहुंचने के बाद आईजी समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ औपचारिक परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों, उपलब्ध संसाधनों तथा क्षेत्र की चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली। इसके पश्चात आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आईजी ने जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, वारंट निष्पादन, गश्ती व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए और हर मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बना रहे। आईजी ने विशेष रूप से संगठित अपराध, साइबर अपराध तथा महिला एवं बच्चों से संबंधित मामलों में गंभीरता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। बैठक के दौरान उन्होंने तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ करने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने, अपराध संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने पर बल दिया। आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संतोषजनक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को इस प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस को आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना चाहिए, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और त्वरित समाधान करना जरूरी है, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत होगा। बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव सहित सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।



