बागपत
वैदिक संस्कृति और आत्मरक्षा प्रशिक्षण से सशक्त बन रहीं बेटियां
शिविर में वीरांगनाओं ने सीखी तलवारबाजी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत। नगर स्थित डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में राष्ट्रीय आर्य वीर दल द्वारा आयोजित सात दिवसीय आवासीय “आर्य वीरांगना योग एवं चरित्र निर्माण शिविर” के छठे दिन बेटियों में राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। शिविर में वीरांगनाओं ने तलवारबाजी का अभ्यास करते हुए आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सीखे। पूरे दिन शिविर का वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार, अनुशासन और भारतीय संस्कृति की भावना से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ और प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद योग शिक्षक विनय आर्य ने वीरांगनाओं को योग, आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही आत्मरक्षा प्रशिक्षण के अंतर्गत तलवारबाजी के विभिन्न कौशल सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान वीरांगनाओं में उत्साह, साहस और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि वर्तमान समय में बेटियों को शारीरिक रूप से सक्षम और मानसिक रूप से मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है।
विशेष बौद्धिक सत्र में राजेश उज्जवल ने कहा कि केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि बेटियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संस्कारवान और आत्मनिर्भर बेटियां ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति बन सकती हैं।
रीतू आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति और सम्मान का प्रतीक माना गया है। यदि बेटियों को शिक्षा के साथ संस्कार और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाए तो वे जीवन की हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकती हैं।
शिविर में मुख्य वक्ता आचार्य धर्मवीर आर्य ने कहा कि वैदिक संस्कृति केवल ज्ञान का विषय नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है। उन्होंने कहा कि वैदिक विचारधारा व्यक्ति को अनुशासन, सेवा, संयम और राष्ट्रहित का मार्ग दिखाती है। उन्होंने वीरांगनाओं को अपने जीवन में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सेवा और उच्च संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने जानकारी दी कि शिविर का समापन 29 मई को होगा, जिसमें वीरांगनाओं द्वारा योग, आत्मरक्षा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शिविर का संचालन प्रधान शिक्षिका सुमेधा आर्या के निर्देशन में किया जा रहा है। इस अवसर पर अनंगपाल आर्य, दीपक आर्य, स्वाति आर्य, समीक्षा आर्य, रजनी आर्य एवं उर्मिला आर्य सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।


