
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बहराइच। उत्तराखंड के रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट में 30 एवं 31 मई को आयोजित सातवीं क्रॉस बो नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में बहराइच के खिलाड़ी अखंड प्रताप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत और टीम दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के करीब 80 खिलाड़ियों तथा 12 टीमों ने हिस्सा लिया। सीनियर पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व बहराइच के अखंड प्रताप सिंह, अलीगढ़ के नरेंद्र मोहन सक्सेना और सिद्धार्थ शर्मा ने किया। तीनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में कुल 300 में से 263 अंक अर्जित कर उत्तर प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया। व्यक्तिगत स्पर्धा में अखंड प्रताप सिंह ने 100 में से 90 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं नरेंद्र मोहन सक्सेना ने 89 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता, जबकि सिद्धार्थ शर्मा ने 84 अंक प्राप्त किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अखंड प्रताप सिंह और नरेंद्र मोहन सक्सेना का चयन जुलाई-अगस्त 2026 में यूरोप में आयोजित होने वाली वर्ल्ड कप क्रॉस बो शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में किया गया है। अखंड प्रताप सिंह भाजपा नेता हैं और महसी विधायक सुरेश्वर सिंह के बड़े सुपुत्र हैं। अखंड प्रताप सिंह की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों एवं खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।



