खेलहापुड़

सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़ । सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हापुड़ में आयोजित अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 (जोनल स्तरीय प्रतियोगिता – जोन-5, पश्चिमी उत्तर प्रदेश) के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। तीन दिवसीय इस खेल महोत्सव में 45 नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।

दूसरे दिन बैडमिंटन के सेमीफाइनल, वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबले तथा बास्केटबॉल के सेमीफाइनल मैच आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 800 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद और डिस्कस थ्रो जैसी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खेल मैदान में विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए टीम मैनेजर, शिक्षकगण, खेल अधिकारी एवं अन्य सहयोगी सदस्य उपस्थित रहे। विभिन्न कॉलेजों के प्रतिभागियों के बीच आपसी सहयोग, एकता, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

यह खेल महोत्सव अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. जे. रामचंद्रन के मार्गदर्शन एवं संरक्षण तथा वाइस चेयरपर्सन डॉ. रम्या रामचंद्रन के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस आयोजन का सफल संचालन सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हापुड़ की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) आर. पिरामिला के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

इस खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आपसी सम्मान और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। 45 कॉलेज, एक मंच और खेल भावना का एक साझा जुनून इस आयोजन की विशेष पहचान बनकर उभरा है। दूसरे दिन की सफल प्रतियोगिताओं के बाद अब सभी की निगाहें खेल महोत्सव के अंतिम दिन पर टिकी हैं, जहां विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं और चैंपियनों के नाम सामने आएंगे।

सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हापुड़ इस प्रतिष्ठित जोनल स्तरीय खेल महोत्सव की मेजबानी करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रहा है। संस्थान ने विश्वविद्यालय, सभी प्रतिभागी कॉलेजों, टीम मैनेजरों, खेल अधिकारियों, शिक्षकगण, स्वयंसेवकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाली सभी टीमों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button