संभल

फ्लाईओवर निर्माण में अनियमितताओं पर भड़के व्यापारी

राज्यमंत्री गुलाब देवी को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

संभल/चन्दौसी : नगर चन्दौसी के बहजोई-मुरादाबाद मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग 36-बी पर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं एवं धीमी गति को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल (युवा इकाई) के माध्यम से नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ‘अन्नू’ के नेतृत्व में व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री (राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तथा निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही, निर्माण कार्य की अत्यधिक धीमी गति के कारण स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

व्यापारियों ने यह भी बताया कि निर्माण स्थल पर उड़ती धूल, टूटी सड़कों और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली के चलते राहगीरों एवं दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की।

नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ‘अन्नू’ ने कहा कि फ्लाईओवर का निर्माण जनहित एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, लेकिन कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण यह परियोजना जनता एवं व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
इस परियोजना को पूरा करने के लिए 2 वर्ष की एक निश्चित समयावधि तय की गई थी। इसके बावजूद, कार्यदायी संस्था बेहद कछुआ गति से काम कर रही है। आरोप है कि रेलवे और राज्य सेतु निर्माण विभाग के बीच तालमेल की भारी कमी है और अधिकारियों की मनमानी चरम पर है। स्थिति यह है कि महीने के 30 दिनों में से मुश्किल से 15 दिन ही मौके पर काम देखा जाता है। यदि यही रवैया रहा, तो इस फ्लाईओवर को बनने में कई साल और लग जाएंगे।

36-बी फ्लाई ओवर निर्माण में लापरवाही बरतने वाले रेलवे और राज्य सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।

नगर महामंत्री शुभम अग्रवाल ने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण में बरती जा रही अनियमितताएं सीधे तौर पर स्थानीय व्यापार एवं आम जनता के हितों के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापारी वर्ग सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
ज्ञापन प्राप्त करने के उपरांत राज्यमंत्री गुलाब देवी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिलाधिकारी सम्भल अंकित खंडेलवाल से फोन पर वार्ता कर उक्त महत्वपूर्ण विषय से अवगत कराया तथा आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश देने का व्यापारियों को आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने शीघ्र ही व्यापारियों के साथ स्वयं औचक निरीक्षण कर खामियों के अनुरूप उचित सुधारात्मक कार्रवाई कराने की बात कही।

इस दौरान संगठन के पदाधिकारी जिला महामंत्री प्रभात कृष्णा, राजू चड्डा, अनुज वार्ष्णेय ‘अन्नू’, शुभम अग्रवाल, डॉ. टी.एस. पाल, मंतेश वार्ष्णेय, आकाश आहूजा, अनूप, अतुल कश्यप, निशांत शर्मा सहित युवा व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक काफी संख्या में उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button