
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने नगर के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए वार्ड नंबर-18 स्थित मां कर्मा बाई पार्क में दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से विकसित दिव्यांगजन पार्क का भव्य लोकार्पण किया। अवस्थापना निधि से लगभग 14 लाख 95 हजार रुपये की लागत से तैयार इस पार्क का उद्घाटन नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने नगर के पार्षदों एवं पालिका अधिकारियों की उपस्थिति में किया। तदोपरांत नपाध्यक्ष ने पार्क का निरीक्षण कर वहां दिव्यांगजनों के लिए विकसित की गई सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को पार्क की नियमित साफ-सफाई, हरियाली, सुरक्षा तथा रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नपाध्यक्ष ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके लिए सुविधायुक्त एवं सम्मानजनक सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मां कर्मा बाई पार्क में विकसित दिव्यांगजन पार्क सामाजिक समरसता, समान अवसर और संवेदनशील प्रशासन का प्रतीक बनेगा तथा दिव्यांगजनों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद ललितपुर विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नगर के सभी वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों का विकास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ जारी रहेंगे। इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, पार्षद आलोक जैन मयूर, मुस्तफा खान, पार्षद कुंदन पाल, पार्षद जानकी प्रसाद, पार्षद रमेश श्रीवास्तव गांधी, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, कर लिपिक चंद्रविनोद मिश्रा, नजूल लिपिक सुधीर रावत, लिपिक अमित पाराशर, हितेंद्र रैकवार, गैराज प्रभारी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



