ललितपुर

अमरपुर मंडी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर भड़के फल-सब्जी व्यापारी

15 जुलाई से व्यापार शुरू होने पर संकट

डीएम को ज्ञापन सौंपकर बिजली, पानी, सफाई और दुकान आवंटन की उठाई मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नवीन गल्ला एवं फल-सब्जी मंडी अमरपुर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर फल एवं सब्जी व्यापारियों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। फल एवं सब्जी व्यापारी कल्याण समिति के बैनर तले व्यापारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मंडी परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर कराने की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी नहीं की गईं तो 15 जुलाई से प्रस्तावित व्यापार संचालन प्रभावित हो सकता है। इस दौरान सब्जी, फल-फ्रूट व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मो.करीम पप्पू राईन, समिति अध्यक्ष मोहम्मद जमा राईन एवं महामंत्री रघुवीर कुशवाहा ने संयुक्त रूप से बताया कि मंडी परिसर के बी ब्लॉक की दुकान संख्या 1 से 26 तथा बी एवं सी ब्लॉक के नीलामी चबूतरों पर वर्तमान में गल्ले का भंडारण किया जा रहा है। इससे फल एवं सब्जी व्यापारियों के लिए व्यापार करना कठिन हो गया है। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर सी ब्लॉक के नीलामी स्थल को तत्काल खाली कराया जाए, जिससे व्यापार सुचारु रूप से संचालित हो सके। व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा कि दुकानों तक बिजली कनेक्शन तो उपलब्ध करा दिए गए हैं, लेकिन अभी भी विद्युत व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित नहीं है। मंडी में जनरेटर आधारित वैकल्पिक बिजली व्यवस्था नहीं होने से बिजली कटौती के समय व्यापार प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं हैं। वर्षाकाल को देखते हुए जलभराव और सुरक्षा संबंधी इंतजाम भी अधूरे बताए गए। समिति ने यह भी आरोप लगाया कि कई लाइसेंसधारी व्यापारी अभी तक दुकान आवंटन से वंचित हैं। उन्होंने सभी पात्र व्यापारियों को निष्पक्ष और शीघ्र दुकान आवंटित करने की मांग करते हुए मंडी सचिव को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया। व्यापारियों ने जिलाधिकारी से यह भी अनुरोध किया कि मंडी परिसर में चल रहे विकास एवं व्यवस्थागत कार्यों की निगरानी के लिए किसी जिम्मेदार अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया जाए, ताकि बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा, गल्ला उठान तथा अन्य आवश्यक कार्यों में तेजी लाई जा सके। उनका कहना था कि वर्तमान गति से कार्य होने पर 15 जुलाई से व्यापार शुरू कर पाना मुश्किल दिखाई दे रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान सब्जी, फल-फ्रूट व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मो.करीम पप्पू राईन, समिति अध्यक्ष मोहम्मद जमा राईन, महामंत्री रघुवीर कुशवाहा, मोहम्मद इब्राहिम राईन, हरीश राईन, पवन कुशवाहा, मुनिसार, ओम ट्रेडर्स प्रतिनिधि, वीर सिंह सहित बड़ी संख्या में फल एवं सब्जी व्यापारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button