ललितपुर

29वीं अंतर जनपदीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ

एसपी मो. मुश्ताक ने खिलाडिय़ों का किया उत्साहवर्धन, नौ जनपदों की टीमें ले रहीं हिस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। रिजर्व पुलिस लाइन में सोमवार से तीन दिवसीय 29वीं अंतर जनपदीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने किया। प्रतियोगिता 13 जुलाई से 15 जुलाई तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कानपुर जोन के नौ जनपदों की महिला एवं पुरुष टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक का बैज लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की अनुमति प्रदान की। प्रतियोगिता में कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, फतेहगढ़, इटावा, झांसी, जालौन, ललितपुर तथा कानपुर नगर की कुल नौ टीमें भाग ले रही हैं। शुभारंभ समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी टीमों के कोच एवं खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद प्रतिभागी खिलाडिय़ों ने पुलिस बैंड द्वारा बजाई गई राष्ट्रीय धुन के साथ मुख्य अतिथि को सलामी दी, जिस पर एसपी ने परेड का मान-प्रणाम ग्रहण किया। एसपी मो. मुश्ताक ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माध्यम हैं। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने बैडमिंटन कोर्ट पहुंचकर शटल खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों एवं विजेता टीमों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान एएसपी कालू सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, विभिन्न जनपदों से आए टीम मैनेजर, कोच, महिला एवं पुरुष खिलाड़ी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाडिय़ों में उत्साह का माहौल देखा गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button