ललितपुर

किसान की जमीन पर कब्जे का प्रयास

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी

देर रात खेत पर टपरा बनाने पहुंचे दबंग
जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। तहसील तालबेहट क्षेत्र के ग्राम सिरसी में एक किसान की पुश्तैनी कृषि भूमि पर कथित रूप से जबरन कब्जा करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़त किसान ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों ने देर रात उसकी जमीन पर टपरा बनाकर कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। मामले में पीडि़त ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम सिरसी निवासी तोरन सिंह पुत्र पचू ने बताया कि वह ग्राम स्थित आराजी संख्या 1051/1मि., रकबा 0.205 हेक्टेयर भूमि का वैध काश्तकार है और वर्षों से उक्त भूमि पर खेती करता आ रहा है। आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोग उसकी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करना चाहते हैं। पीडि़त का कहना है कि 12 जुलाई 2026 की रात लगभग 11.30 बजे वह खेत पर फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान आरोपित पक्ष एक राय होकर मौके पर पहुंचा और उसकी जमीन पर जबरन टपरा बनाना शुरू कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट करने का प्रयास किया। शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विपक्षियों ने धमकी दी कि यदि जमीन पर कब्जा करने से रोका गया तो उसे जान से मार देंगे या अपने परिवार की महिलाओं से झूठे मुकदमे दर्ज कराकर जेल भिजवा देंगे। शोर-शराबा सुनकर किसान का पुत्र देवेन्द्र तथा आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। इसके बाद आरोपित गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीडि़त किसान ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने, उसकी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button