ललितपुर
रोमांचक मुकाबले में झांसी ने ललितपुर को 2 रन से हराकर जीता वुमेन टीवीएस कप
लेदर बॉल महिला टी-20 प्रतियोगिता में लकी अमीन बनीं मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

स्पोर्ट्स स्टेडियम में दर्शकों ने लिया रोमांचक मुकाबले का आनंद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिला क्रिकेट एसोसिएशन (पंजी.) के तत्वावधान में आयोजित स्व. कृष्णा क्रांति तिवारी (अम्मा जी) की पुण्य स्मृति में आयोजित लेदर बॉल वुमेन टी-20 टीवीएस कप का खिताब झांसी की टीम ने अपने नाम कर लिया। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में झांसी ने मेजबान ललितपुर को मात्र 2 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। अंतिम ओवर तक चले इस मुकाबले ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए झाँसी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सभी विकेट खोकर 113 रन बनाए। टीम की ओर से दीक्षा यादव ने सर्वाधिक 28 रन, प्रेरणा चौहान ने 20 रन तथा वेदिका ने 15 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। ललितपुर की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए राखी ठाकुर और सुरभि राजा ने दो-दो विकेट लेकर झाँसी के बल्लेबाजी क्रम को झटके दिए। 114 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ललितपुर की टीम ने भी शानदार संघर्ष किया। मीना यादव ने 25 रन, मुस्कान ने 17 रन और राखी ठाकुर ने 16 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन अंतिम क्षणों में टीम लक्ष्य से महज दो रन पीछे रह गई और झांसी ने रोमांचक जीत दर्ज कर ली। झांसी की जीत में गेंदबाज लकी अमीन का अहम योगदान रहा। उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और ललितपुर की बल्लेबाजी को दबाव में बनाए रखा। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में दीपक शर्मा, पूर्व नपाध्यक्ष सुभाष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अजय तिवारी नीलू ने की। इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष राजीव बबेले सप्पू, हरिबाबू शर्मा, हेमन्त जैन, प्रदीप खटीक, आनंद मोहन दुबे, अशोक गोस्वामी, सौरभ गोस्वामी, आशीष तिवारी, मनीष पाठक, प्रदीप रिछारिया, निहाल चन्द्र, कृष्णकांत सोनी, मनोज वैध, दिव्यांश शर्मा, शत्रुधन यादव (अध्यक्ष), बृजबिहारी मिश्रा (सचिव), फईम इकबाल वेग, धर्मेन्द्र कुमार, अनिल सिंघानिया, मिर्जा शहीम वेग, विभान्शू तिवारी, धर्मेन्द्र गोस्वामी, लखन रैकवार, बिनोद पाठक, नितेश रजक, सचिन सोलंकी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। समापन पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन सचिव बृजबिहारी मिश्रा ने सभी अतिथियों, खिलाडिय़ों, आयोजकों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जाएगा।



