ललितपुर
स्कूल चलो अभियान के तहत रोड़ा में निकाली जागरूकता रैली
घर-घर जाकर नए प्रवेश के लिए किया जनसंपर्क

प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित बोले, क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यही विद्यालय का लक्ष्य
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रदेश सरकार के स्कूल चलो अभियान के तहत पं.रुद्र नारायण त्रिवेणी शर्मा मेमोरियल इंटर कॉलेज खड़ोवरा द्वारा ग्राम रोड़ा में जन-जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की गई। रैली का शुभारंभ प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित के नेतृत्व में हुआ। इसमें विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र-छात्राएं हाथों में शिक्षा संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर हर बच्चा स्कूल जाए, शिक्षा है जीवन का आधार और बेटी-बेटा एक समान, शिक्षा है सबका अधिकार जैसे जागरूकता नारों के साथ ग्राम के प्रमुख मार्गों से गुजरे। रैली के दौरान ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया गया। रैली के समापन के बाद विद्यालय परिवार ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया और नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण, अनुभवी शिक्षकों, आधुनिक शिक्षण पद्धति तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने का आग्रह किया गया। प्रधानाचार्य आशीष दीक्षित ने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय परिवार का प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना की और बच्चों के प्रवेश में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक- शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



