ललितपुर
बेटी की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन
पीडि़त परिवार ने प्रशासन व पुलिस से उठायी कार्यवाही की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। घंटाघर प्रांगण में थाना महरौनी के ग्राम भडऱऊ निवासी ओमप्रकाश तिवारी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। पीडि़त परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी गर्भवती पुत्री विशाखा तिवारी की दहेज के लिए ससुराल पक्ष ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चार चोटों का उल्लेख है, इसके बावजूद नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। पीडि़त पिता ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि इस मामले में थाना महरौनी में मुकदमा अपराध संख्या 0238/2026 दर्ज है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी हाईकोर्ट से राहत लेने की कोशिश में हैं और पुलिस उन्हें संरक्षण दे रही है। धरने पर बैठे पीडि़त परिवार का यह भी आरोप है कि समझौता करने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है तथा उन्हें धमकाने के लिए गुंडे भेजे जा रहे हैं। परिवार का कहना है कि जब तक सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक उनका धरना और आमरण अनशन जारी रहेगा। पीडि़त परिवार ने जिलाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।



