
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी नियमित विद्युत आपूर्ति का आश्वासन तो देते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा। इससे क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है और कई स्थानों पर लोग बिजली की अघोषित कटौती को लेकर बिजलीघरों पर पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
लगातार बिजली गुल रहने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। अधिकांश घरों में मोटर नहीं चल पाने के कारण लोगों को समय पर पानी नहीं मिल रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न आने से किसानों और पशुपालकों को चारा काटने सहित अन्य कृषि कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लंबे बिजली कट लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं।
बिजली व्यवस्था को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने विधुत विभाग के तीनों अधीक्षण अभियंताओं, सभी एसडीओ और अवर अभियंताओं के साथ आपातकालीन बैठक कर व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। बैठक में कहा गया कि आवासीय क्षेत्रों में रेजिडेंशियल कनेक्शन से संचालित अवैध औद्योगिक गतिविधियों, अवैध कॉलोनियों में बिजली चोरी तथा विद्युत व्यवस्था को प्रभावित करने वाले सभी अवैध कार्यों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई की जाए। विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने विधुत अधिकारियों को दिए अपने निर्देशों के अनुसार विशेष टीमें गठित कर ऐसे प्रतिष्ठानों व फैक्ट्रियों को चिह्नित किया जाए जिनके कारण आवासीय क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इन पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सके।
ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने यह भी निर्देश दिए हुए हैं कि जिन क्षेत्रों से लगातार बिजली संबंधी शिकायतें मिल रही हैं, वहां लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों को तत्काल हटाकर सक्षम एवं ईमानदार अधिकारियों की तैनाती की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
हालांकि इन निर्देशों के बावजूद लोनी क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति की स्थिति में अभी तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। क्षेत्रवासियों ने विभाग से अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाकर नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।



