जामताड़ा

करमाटांड़ पुलिस की बड़ी सफलता

19 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, पिता की तलाश में लगातार छापेमारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : करमाटांड़ थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के नेतृत्व में चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को 19 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से मादक पदार्थ के अलावा मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बागबैर-कालाझरिया मार्ग पर शीतलपुर मैदान के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस ने हीरो स्प्लेंडर प्लस (संख्या JH-21P-3347) को रोककर तलाशी ली। बाइक की डिक्की की जांच में 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान हेट भीठरा निवासी शराफत अंसारी के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के साथ गिरफ्तार युवक से गहन पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर युवक के पिता मुर्तेज अंसारी के घर पर तत्काल छापेमारी की गई। हालांकि छापेमारी के दौरान न तो कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई और न ही मुर्तेज अंसारी घर पर मिले। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ब्राउन शुगर के अवैध नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जल्द ही इस धंधे में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस संबंध में थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के लिखित आवेदन पर करमाटांड़ थाना कांड संख्या 53/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 21(बी) के तहत शराफत अंसारी और उसके पिता मुर्तेज अंसारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जामताड़ा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पूरे अभियान में थाना के एसआई विकास कुमार तिवारी, मुकेश कुमार भोक्ता सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button