हजारीबाग
सुशी चंद्रगुप्त कोल माइंस में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन।
54 यूनिट रक्त संग्रहितउपायुक्त ने किया उद्घाटन, रक्तदाताओं एवं प्रबंधन की सराहना की।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग सुशी चंद्रगुप्त कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड, केरेडारी (SCCMPL) द्वारा कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री के. संकीर्थ रेड्डी के निर्देश पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग के ब्लड बैंक के सहयोग से कंपनी के साइट कार्यालय परिसर में प्रातः 11:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कुल 54 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान को मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उपायुक्त ने सुशी चंद्रगुप्त कोल माइंस के प्रबंधन एवं पूरी टीम द्वारा समाजहित में आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रक्तदान शिविर के उद्घाटन के उपरांत उपायुक्त ने चंद्रगुप्त कोल माइंस परियोजना के खदान (क्वारी) संचालन क्षेत्र का भी निरीक्षण किया तथा परियोजना की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर सुशी चंद्रगुप्त कोल माइंस के प्रबंधन ने उपायुक्त का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया। कंपनी के अधिकारियों ने उनके साथ परियोजना क्षेत्र का भ्रमण कराया तथा विभिन्न परिचालन संबंधी जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारी, ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीम तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।




