
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। जागृति विहार स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में शनिवार को विद्यार्थी परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अभिभावकों की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं ने अपने दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, स्कूल मैनेजर बरखा अग्रवाल और प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नवनिर्वाचित विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने मार्चपास्ट किया, जिसके बाद अतिथियों ने उन्हें बैज पहनाकर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाली जिम्मेदारियां नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अच्छा अवसर होती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और अनुशासन के साथ पालन करने का आह्वान किया।
विद्यालय की विद्यार्थी परिषद में सौमिष्ठा को हेड गर्ल, अक्षित कुमार को हेड बॉय, हर्ष कुशवाह को वाइस हेड बॉय और हंसिका गर्ग को वाइस हेड गर्ल बनाया गया। शान मलिक और आशी शर्मा को स्पोर्ट्स कैप्टन, शिवा कुमार और नैना राघव को अनुशासन प्रभारी तथा शताक्षी भड़ाना को सांस्कृतिक विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा विभिन्न सदनों के लिए भी हाउस कैप्टन और वाइस कैप्टन नियुक्त किए गए।
स्कूल मैनेजर बरखा अग्रवाल ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन बुलबुल चौधरी,सबा सैयद ने किया।



