बरेली

मान्यता प्राप्त विद्यालयों की समस्याओं को लेकर बीएसए को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो

बरेली । बेसिक शिक्षा कल्याण समिति उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने बुधवार को अध्यक्ष सर्वेश पाठक के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी बरेली को मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालन में आ रही समस्याओं से अवगत कराया।
समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए के समक्ष विद्यालयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को विस्तार से रखा। इस दौरान बीएसए ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2019 से पहले मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए भवन का स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी प्रमाण पत्र आवश्यक नहीं है। हालांकि, सभी विद्यालयों को छात्रों की सुरक्षा के लिए अग्निशमन उपकरण समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी। साथ ही किसी भी विद्यालय में अमान्य कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाए।
बैठक में समिति के प्रदेश प्रमुख महासचिव राजीव यादव ने ऐसे मामलों का मुद्दा भी उठाया, जिनमें कुछ अभिभावकों द्वारा फीस जमा किए बिना विद्यालयों पर छात्रों के दस्तावेज देने का दबाव बनाने की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।
बीएसए ने विद्यालय संचालकों से अपार आईडी और यू-डाइस से संबंधित कार्य शीघ्र पूरा कराने का भी आग्रह किया, ताकि जनपद की शैक्षिक व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिना निष्पक्ष जांच के किसी भी विद्यालय संचालक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी तथा जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश प्रमुख महासचिव राजीव यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद फराज, प्रदेश उपाध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा, प्रदेश महासचिव गिरीश पटेल, प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता हिरदेश सिंह, प्रदेश सचिव संजय पाल, जुनैद, संतोष राठौड़, प्रदेश मीडिया प्रभारी आसिफ अली, जिला अध्यक्ष मदनलाल शर्मा, जिला महासचिव संतोष यादव सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यालय संचालक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button